आखिरी ओवर के रोमांच में चमका 21 साल का डेब्यूटेंट, 5 गेंदों में सिर्फ दो रन देकर जिताया मैच
Last Updated:
Who is Tom Balkin: 21 साल के ऑलराउंडर थॉमस बल्किन ने बिग बैश लीग के अपने डेब्यू मैच के आखिरी ओवर में कमाल की गेंदबाजी करते हुए ब्रिस्बेन हीट को रोमांचक जीत दिलाई. एडिलेड स्ट्राइकर्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन बनाने थे, लेकिन इस युवा स्टार ने मात्र दो ही रन खर्चे. इस मैच विनिंग प्रदर्शन के बाद चारों तरफ इस युवा क्रिकेटर के चर्चे हैं.
डेब्यू मैच में चमके थॉमस बल्किन.नई दिल्ली. बिग बैश लीग के मौजूदा सीजन में एक से एक रोमांचक मुकाबले खेले जा रहे हैं. कभी हाई-स्कोरिंग मुकाबले में रोमांच की हदें पारी होती हैं तो कभी आखिरी ओवर में पहुंचा मैच फैंस की धड़कनें बढ़ा देता है. ऐसा ही एक मुकाबला एडिलेड स्ट्राइकर्स और ब्रिस्बेन हीट के बीच खेला गया, जिसमें डेब्यू करते हुए 21 साल का ऑलराउंडर हीरो बन गया. थॉमस बल्किन नाम के इस स्टार ने आखिरी ओवर में वो कमाल दिखाया, जहां अनुभवी से अनुभवी गेंदबाजों के भी पसीने छूट जाते हैं.
आखिरी ओवर का रोमांच
एडिलेड स्ट्राइकर्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन बनाने थे. उसके आठ विकेट गिरे चुके थे. ब्रिस्बेन हीट के कप्तान जेवियर बार्टलेट ने आखिरी ओवर की जिम्मेदारी BBL में अपना पहला ही मैच खेल रहे थॉमस बल्किन को सौंप दी. शायद उनके क्रिकेट करियर का यह पहला ही मौका होगा, जब वह इतनी दबाव वाली परिस्थिति में गेंदबाजी करने के लिए तैयार थे. ओवर की पहली ही गेंद पर बल्किन ने विकेट चटकाया. इसके बाद उन्होंने सटीक लाइन लेंथ और स्लोअर गेंदों का मिश्रण करते चार जबरदस्त गेंदें फेंकी और मात्र दो रन ही दिए. पांचवीं गेंद पर बल्किन ने एक और विकेट चटकाया और टीम को 7 रन से मुकाबला जिता दिया. पूरे मुकाबले में इस युवा ने कमाल की गेंदबाजी की और 3.5 ओवर में दो विकेट लेकर सिर्फ 30 रन ही दिए.
180 रन का था टारगेट
मैक्स ब्रायंट की 32 गेंदों में खेली 63 रन की तूफानी पारी के दम पर ब्रिस्बेन हीट ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 179 रन का स्कोर खड़ा किया था. ब्रायंट के अलावा मैथ्यू रेनशॉ ने 21 गेंदों में 33 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए एडिलेड टीम के कप्तान मैथ्यू शॉर्ट ने जबरदस्त शुरुआत दिलाई. उन्होंने 39 गेंदों में 63 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने के लिए मोमेंटम सेट किया. हालांकि, बाकी बल्लेबाज इस लय को आगे नहीं ले जा सके. हैरी मनन्ति (12 गेंद में 24 रन) और जेरॉसिस वाडिया (16 गेंद में 34 रन) ने आक्रामक पारियां जरूर खेलीं, लेकिन अंतिम ओवर में थॉमस बल्किन ने चमत्कार कर दिया.