How to Store Cream Milk Cream Storage Tips । मलाई को लंबे समय तक ताजा रखने के आसान तरीके और टिप्स
How to Store Cream: एक समय था जब दूध पर जमी मोटी मलाई को लोग बड़े चाव से खाते थे. बिना मलाई का दूध अधूरा माना जाता था और घरों में मलाई निकालना एक आम सी बात थी. लेकिन समय के साथ लाइफस्टाइल बदला, फिजिकल एक्टिविटी कम हुई और लोगों ने मलाई से दूरी बनानी शुरू कर दी. आज की तारीख में ज्यादातर लोग मलाई सीधे खाने की बजाय उससे मक्खन या घी निकालना ज्यादा पसंद करते हैं. रोज दूध उबालने के बाद ऊपर जमी मलाई को निकालकर लोग किसी डिब्बे में इकट्ठा करते हैं और बाद में उससे घी या मक्खन बनाते हैं. लेकिन यहां सबसे बड़ी परेशानी तब आती है जब मलाई सही तरीके से स्टोर न की जाए.
कई बार दो तीन दिन में ही मलाई से अजीब सी महक आने लगती है, स्वाद खट्टा हो जाता है और पूरा फ्रिज भी बदबू से भर जाता है. ऐसे में न तो उस मलाई से अच्छा मक्खन बन पाता है और न ही घी का स्वाद सही रहता है. अगर आप भी इस परेशानी से जूझते हैं तो अब घबराने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू तरीकों को अपनाकर आप मलाई को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं.
मलाई को लंबे समय तक स्टोर करने का सबसे सही तरीका
मलाई को खराब होने से बचाने का सबसे असरदार तरीका है उसे फ्रीजर में स्टोर करना. बहुत से लोग गलती से मलाई को सिर्फ फ्रिज में रख देते हैं, जबकि फ्रिज में नमी और बैक्टीरिया की वजह से मलाई जल्दी खराब होने लगती है. अगर आप चाहते हैं कि मलाई हफ्तों या महीनों तक सुरक्षित रहे तो फ्रीजर सबसे बेहतर ऑप्शन है.
इसके लिए आप एक साफ स्टील, कांच या अच्छी क्वालिटी के प्लास्टिक डिब्बे का इस्तेमाल करें. रोज जब दूध उबालें और उस पर मलाई जमे, तो उसे ठंडा होने के बाद निकालकर उसी डिब्बे में डालते जाएं. ध्यान रखें कि डिब्बा हमेशा ढका हुआ हो. हर बार फ्रीजर से डिब्बा निकालें, मलाई डालें और तुरंत वापस रख दें. इस तरीके से रखी गई मलाई महीनों तक खराब नहीं होती. न तो इसमें खट्टापन आता है और न ही किसी तरह की बदबू.
जब भी आपको मक्खन या घी बनाना हो, तो बस डिब्बे को कुछ घंटे पहले फ्रीजर से बाहर निकाल लें. जब मलाई पूरी तरह पिघल जाए और नॉर्मल तापमान पर आ जाए, तब उससे आराम से मक्खन या घी निकाल सकते हैं. इस तरह बनी चीजों का स्वाद भी एकदम शुद्ध और देसी रहता है.
फ्रिज में मलाई स्टोर करना सही है या नहीं
बहुत से लोग सुविधा के लिए मलाई को फ्रिज में ही स्टोर करते हैं. इसमें कोई बड़ी दिक्कत नहीं है, लेकिन इसकी एक लिमिट होती है. फ्रिज में रखी मलाई ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाती. आमतौर पर दो से तीन दिन के बाद मलाई से हल्की सी महक आने लगती है और चार दिन के बाद उसमें खट्टापन महसूस होने लगता है.
अगर आप फ्रिज में मलाई रखते हैं तो कोशिश करें कि दो या तीन दिन के अंदर ही उसका इस्तेमाल कर लें. या तो उससे तुरंत मक्खन या घी बना लें या फिर किसी डिश में डाल दें. ज्यादा दिन तक फ्रिज में रखी मलाई न सिर्फ खुद खराब होती है, बल्कि पूरे फ्रिज में बदबू भी फैला देती है. कई बार लोग शिकायत करते हैं कि फ्रिज में रखी सब्जियों और फलों में भी मलाई की महक आने लगती है.
मलाई स्टोर करते समय किन बातों का रखें ध्यान
मलाई निकालते समय हमेशा साफ और सूखा चम्मच इस्तेमाल करें. गीला या गंदा चम्मच इस्तेमाल करने से बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं. मलाई को कभी भी गरम दूध से सीधे न निकालें. दूध को हल्का ठंडा होने दें, फिर मलाई अलग करें. इससे उसकी शेल्फ लाइफ बढ़ जाती है. मलाई के डिब्बे को बार बार खुला न छोड़ें. हवा के संपर्क में आने से मलाई जल्दी खराब होती है. अगर आप अलग अलग दिन की मलाई इकट्ठा कर रहे हैं, तो हर बार डिब्बे को अच्छी तरह बंद करना बहुत जरूरी है.
स्टोर की हुई मलाई से घी और मक्खन का स्वाद
जब मलाई सही तरीके से स्टोर की जाती है, तो उससे बना मक्खन और घी भी बेहतरीन होता है. न उसमें खट्टापन आता है और न ही अजीब सी गंध. खासकर फ्रीजर में रखी मलाई से बना घी ज्यादा खुशबूदार और लंबे समय तक चलने वाला होता है. यही वजह है कि पुराने जमाने में भी लोग मलाई को ठंडी जगह पर इकट्ठा करके रखते थे.