How to Soften Jaggery gud soft kaise karien । गुड़ को मुलायम कैसे करें आसान टिप्स और स्टोरेज उपाय

Share to your loved once


How to Soften Jaggery: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही रसोई में गुड़ की एंट्री अपने आप हो जाती है. कहीं तिल के लड्डू बनते हैं तो कहीं गुड़ की चाय या गुड़ वाली गरमागरम रोटियां. गुड़ न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है बल्कि ठंड में शरीर को गर्म रखने में भी मदद करता है. लेकिन इस मीठे स्वाद के साथ सबसे बड़ी परेशानी तब सामने आती है जब बाजार से लाया हुआ गुड़ पत्थर जैसा सख्त निकल आता है. चाकू से काटने में हाथ दुखने लगते हैं, ओखली में कूटते कूटते पसीना आ जाता है और कई बार गुड़ टूटने की बजाय उछल कर इधर उधर बिखर जाता है. ऐसे में गुड़ का इस्तेमाल करने से पहले ही मन खिन्न हो जाता है.

अगर आप भी हर सर्दी में इसी परेशानी से जूझते हैं, तो अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. यूट्यूबर लीना की रसोई से मिले कुछ बेहद आसान और समझदारी भरे तरीके आपके काम को मिनटों में आसान बना सकते हैं. खास बात यह है कि इन तरीकों में न ज्यादा मेहनत है और न ही किसी महंगे सामान की जरूरत.

लीना की रसोई का माइक्रोवेव हैक
लीना की रसोई का सबसे चर्चित और आसान तरीका माइक्रोवेव से जुड़ा है. अगर आपके घर में माइक्रोवेव है, तो यह तरीका आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं. सबसे पहले माइक्रोवेव सेफ प्लेट लें और उस पर गुड़ का बड़ा टुकड़ा रख दें. अब इसे माइक्रोवेव में रखें. लगभग 250 ग्राम गुड़ के लिए 1 से 1.5 मिनट का समय काफी होता है. ध्यान रखने वाली बात यह है कि एक साथ पूरा समय न दें. हर 30 सेकंड में माइक्रोवेव खोलकर गुड़ को चेक करें. जैसे ही गुड़ हल्का सा नरम दिखने लगे, तुरंत बाहर निकाल लें. बाहर निकालते ही आप महसूस करेंगे कि गुड़ अंदर से मुलायम हो चुका है. अब चाकू चलाने पर गुड़ बिना किसी जोर के बिल्कुल मक्खन की तरह कटने लगेगा. इस तरीके से गुड़ न जलेगा और न ही उसका स्वाद खराब होगा.

माइक्रोवेव नहीं है तो कद्दूकस का सही इस्तेमाल करें
कई घरों में माइक्रोवेव नहीं होता या कुछ लोग इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहते. ऐसे में गुड़ को बारीक करने के लिए कद्दूकस एक बढ़िया विकल्प है. लेकिन सीधा सख्त गुड़ कद्दूकस करने पर वह चिपकने लगता है और मेहनत भी ज्यादा लगती है. लीना की रसोई के अनुसार इसका आसान समाधान है कद्दूकस पर हल्का सा घी या तेल लगा देना. जब आप ऐसा करेंगे तो गुड़ कद्दूकस पर चिपकेगा नहीं और बहुत आसानी से घिस जाएगा. यह तरीका खास तौर पर तब काम आता है जब आपको गुड़ को जल्दी घोलना हो, जैसे चाय या कढ़ी में.

बेलन या सिलबट्टे से तोड़ने की स्मार्ट ट्रिक
अगर गुड़ बहुत ज्यादा सख्त है और आप उसे गर्म नहीं करना चाहते, तो बेलन या सिलबट्टे की मदद से भी काम आसान किया जा सकता है. इसके लिए गुड़ को सीधे फर्श या पत्थर पर मारने की गलती न करें. इससे गुड़ बिखर सकता है और सफाई की झंझट बढ़ जाती है. सही तरीका यह है कि गुड़ को एक मोटे साफ कपड़े या जिपलॉक बैग के अंदर रख लें. अब इसके ऊपर से भारी बेलन या सिलबट्टे से हल्की चोट करें. कपड़े के अंदर होने की वजह से गुड़ नियंत्रित तरीके से टूटेगा और रसोई गंदी भी नहीं होगी. यह तरीका उन लोगों के लिए बढ़िया है जो बिना आंच या मशीन के काम करना पसंद करते हैं.

डबल बॉयलर मेथड से धीरे और सुरक्षित तरीका
अगर आपको गुड़ को पूरी तरह पिघलाना है और आप नहीं चाहते कि वह जले या कड़वा हो जाए, तो डबल बॉयलर मेथड सबसे सुरक्षित तरीका माना जाता है. इसके लिए एक बड़े बर्तन में पानी गर्म करें. अब उसके ऊपर एक छोटा बर्तन रखें जिसमें गुड़ के टुकड़े हों. ध्यान रखें कि ऊपर वाला बर्तन सीधे पानी को न छुए. भाप की गर्मी से गुड़ धीरे धीरे नरम और पिघलने लगेगा. यह तरीका खासतौर पर तब अच्छा होता है जब आपको गुड़ की चाशनी बनानी हो. इससे गुड़ के पोषक तत्व भी सुरक्षित रहते हैं और स्वाद भी बना रहता है.

गुड़ को दोबारा सख्त होने से कैसे बचाएं
गुड़ को नरम करने से ज्यादा जरूरी है उसे सही तरीके से स्टोर करना. अगर स्टोरेज सही न हो तो गुड़ फिर से पत्थर जैसा सख्त हो जाता है. गुड़ को हमेशा एयर टाइट कंटेनर में रखें. नमी और हवा से बचाना बहुत जरूरी है. अगर आपको लगे कि गुड़ थोड़ा सख्त होने लगा है, तो डिब्बे में एक रोटी का छोटा टुकड़ा या अदरक का एक स्लाइस रख दें और ढक्कन बंद कर दें. कुछ ही घंटों में गुड़ नमी सोख लेगा और फिर से काटने लायक हो जाएगा. यह पुराना लेकिन बेहद असरदार घरेलू तरीका है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

सेहत की समस्या, रिलेशनशिप की उलझन, पैरेंटिग, लाइफस्टाइल, फैशन, पूजा-पाठ, ग्रह-नक्षत्र आदि से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी चाहिए तो आप अभी इस WhatsApp लिंक पर क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP