घर के बाहर सो रहा था तांत्रिक, बाइक से आए 3 बदमाश, सिर पर गोली मारकर की हत्या
Last Updated:
Basti News: यूपी के बस्ती में एक तांत्रिक को क्या पता था कि वो फिर कभी दिन का उजाला नहीं देख सकेगा. घर के बाहर सो रहे रामजीत को तीन बदमाशों ने गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया.
तांत्रिक की हत्या. (एआई तस्वीर)बस्ती: उत्तर प्रदेश की बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के बेमरही गांव में एक तांत्रिक की गोली मार कर हत्या कर दी गई. देर रात तांत्रिक घर के बाहर सो रहा था. उसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावर आए और सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया.
बता दें, 50 वर्षीय रामजीत तांत्रिक था. वह झाड़ फूंक का काम करता था. रात में खाना खाने के बाद तांत्रिक घर के बाहर सो रहा था. बाइक पर सवार तीन युवक आए और सो रहे तांत्रिक के सिर में गोली मार दी. गोली की आवाज सुनने के बाद आसपास के लोग दौड़े तो देखा रामजीत खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा है.
लोगों को आता देख इधर बाइक सवार तीनों बदमाश फरार हो गए. घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल तांत्रिक को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने मोर्चरी में रखवा दिया है.
एसपी अभिनंदन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. जिन संदिग्धों के नाम अभी तक सामने आए हैं उनको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा.