Pune Civic Polls | Sharad Pawar Ajit Pawar Talks | Maharashtra Politics | पुणे निकाय चुनाव: NCP के अजित और शरद पवार गुट में सहमति नहीं
पुणे नगर निगम चुनाव को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों धड़ों के बीच एकजुटता की कोशिश शुक्रवार को नाकाम हो गई. खबर है कि एनसीपी नेता अजित पवार और उनके चाचा शरद पवार के बीच साथ चुनाव लड़ने को लेकर हुई बैठक में कोई सहमति नहीं बन सकी.
भतीजे से चोट खाकर अब क्या कर रहे शरद पवार?
यह बैठक फेल होने के बाद शरद पवार ने एक बार फिर महाविकास आघाड़ी (एमवीए) की ओर रुख किया. इसके बाद उन्होंने उद्धव ठाकरे की शिवसेना और कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर तेज बातचीत शुरू कर दी. पुणे के एक होटल में हुई एमवीए की बैठक में शरद पवार गुट की ओर से बापूसाहेब पठारे और अंकुश काकड़े, कांग्रेस की ओर से अरविंद शिंदे और रमेश बागवे, जबकि उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना से वसंत मोरे मौजूद रहे.
महायुति में क्या है हाल?
उधर, सत्तारूढ़ महायुति में भी सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है. शिवसेना और बीजेपी के बीच 17 सीटों को लेकर बने गतिरोध को खत्म करने के लिए शुक्रवार रात एक अहम बैठक हुई. सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ हुई चर्चा में 210 सीटों पर सहमति बन चुकी है.
इस बीच, मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख नजदीक आने के बीच एनसीपी (शरद पवार) के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने शुक्रवार को उद्धव ठाकरे से मुलाकात की. बांद्रा स्थित ‘मातोश्री’ में हुई यह बैठक करीब दो घंटे चली, जिसमें संभावित गठबंधन पर चर्चा हुई.
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब दो दिन पहले ही उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने 15 जनवरी को होने वाले बीएमसी चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया है. पुणे और मुंबई दोनों नगर निकाय चुनावों को लेकर चल रही ये राजनीतिक कवायद आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की सियासत की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है.