ठंड में अगर चाहिए कुछ चटपटा तो जरूर बनाएं ये खास मिर्ची की सब्जी, 3 दिन तक रहती है फ्रेश, जानिए आसान रेसिपी
मोहन ढाकले/बुरहानपुर: ठंड के मौसम में खाने-पीने का मजा ही कुछ और होता है. इस मौसम में ज्यादातर लोग चटपटा और मसालेदार खाने की तरफ ज्यादा आकर्षित होते हैं. अगर आप भी सर्दियों में कुछ अलग और स्वाद से भरपूर बनाना चाहते हैं, तो मिर्ची की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प है. खास बात यह है कि यह सब्जी बनाना बेहद आसान है, कम खर्च में तैयार हो जाती है और 2 से 3 दिन तक खराब भी नहीं होती.
निमाड़ की खास मिर्ची, स्वाद ऐसा कि सफर में भी साथ ले जाएं
निमाड़ अंचल, खासकर बुरहानपुर, अपने देसी और चटपटे स्वाद के लिए जाना जाता है. यहां ठंड के दिनों में मिर्ची की सब्जी, मिर्ची की चटनी और अचार बड़े चाव से बनाए जाते हैं.
लोकल 18 की टीम से बातचीत में हलवाई सुनील धकाते ने बताया कि मिर्ची की सब्जी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे घर के खाने के साथ-साथ सफर में भी आसानी से ले जाया जा सकता है. यह जल्दी खराब नहीं होती और स्वाद भी बना रहता है.
क्यों खास है मिर्ची की सब्जी?
ठंड में शरीर को गर्माहट देती है, कम सामग्री और कम खर्च में बन जाती है. 2–3 दिन तक फ्रेश रहती है, रोटी, पराठा या दाल-चावल हर चीज के साथ जमती है. तीखा-चटपटा स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है.
घर पर ऐसे बनाएं मिर्ची की सब्जी
अगर आप भी घर पर मिर्ची की सब्जी बनाना चाहते हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें
आवश्यक सामग्री:
मोटी हरी मिर्च – 200 ग्राम, बेसन – 50 ग्राम, लाल मिर्च पाउडर – 5 ग्राम, धनिया पाउडर – 10 ग्राम, हल्दी – 5 ग्राम, गरम मसाला – 5 ग्राम, नमक – 10 ग्राम (स्वादानुसार), तेल – तलने के लिए
बनाने की विधि:
सबसे पहले मोटी हरी मिर्च को धोकर एक मिर्ची के चार टुकड़े कर लें. एक बर्तन में बेसन, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छे से मिला लें. इस मसाले को मिर्ची के टुकड़ों पर अच्छे से लपेट दें. अब कढ़ाही में तेल गरम करें और मिर्ची को धीमी आंच पर सुनहरा होने तक फ्राय कर लें. बस तैयार है आपकी स्वादिष्ट और चटपटी मिर्ची की सब्जी.
स्वाद भी, सेहत भी और जेब पर हल्की
हलवाई सुनील धकाते बताते हैं कि यह रेसिपी बेहद सस्ती है और ठंड के मौसम में शरीर को अंदर से गर्म रखने में भी मदद करती है. यही वजह है कि बुरहानपुर और आसपास के इलाकों में लोग सर्दियों में इसे सबसे ज्यादा बनाते हैं.