दिल्ली: जहांगीरपुरी चोरी केस में पुलिस ने दो दिन में चार गिरफ्तार
Last Updated:
जहांगीरपुरी में शबाना के घर हुई चोरी की वारदात को नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस ने दो दिन में सुलझाया, नसरुद्दीन, फरकान उर्फ चेला और दो नाबालिग गिरफ्तार हुए. जांच जारी है.

Delhi Crime News: दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात को नॉर्थ-वेस्ट जिला पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर सुलझाकर बड़ी कामयाबी हासिल की है. इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों और दो नाबालिगों को दबोचते हुए चोरी के कैश और जेवरात की आंशिक बरामदगी भी की है. पुलिस के अनुसार, आरोपी आसान पैसे की चाह में वारदात को अंजाम दे रहे थे.
घटना 22 दिसंबर 2025 की है, जब जहांगीरपुरी के जी-ब्लॉक में झुग्गी नंबर G-499 में रहने वाली शबाना ने अपने घर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता के मुताबिक, घर से 50 हजार रुपये नकद, चांदी की चेन, झुमकी, सोने की बालियां, लंबे झुमके, करीब 250 ग्राम की चांदी की पायल और 11 चांदी की अंगूठियां चोरी हो गई थीं. शिकायत के आधार पर जहांगीरपुरी थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई.
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर नेट राम मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय सूत्रों को सक्रिय किया. जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके बाद 24 दिसंबर को गुप्त सूचना के आधार पर जहांगीरपुरी के जी-ब्लॉक समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान 19 वर्षीय नसरुद्दीन और 19 वर्षीय फरकान उर्फ चेला को गिरफ्तार किया गया. इनके साथ दो नाबालिग भी पकड़े गए. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल, चांदी के ईयर टॉप्स, चांदी की चेन और 9 चांदी की अंगूठियां बरामद कीं. वहीं दोनों नाबालिगों से भी चोरी की एक-एक चांदी की अंगूठी बरामद हुई.
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को कबूल कर लिया. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फरकान उर्फ चेला पहले भी झपटमारी के एक मामले में शामिल रह चुका है और वह आदतन अपराधी है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी कम समय में ज्यादा पैसा कमाने की नीयत से चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे.
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी इससे पहले और किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें