ललित मोदी और विजय माल्या को हर हाल में वापस लाएंगे, ‘भारत के 2 सबसे बड़े भगोड़े’ VIDEO पर विदेश मंत्रालय सख्त
Last Updated:
Lalit Modi Vijay Mallya: विदेश मंत्रालय ने ललित मोदी और विजय माल्या जैसे आर्थिक भगोड़ों को भारत वापस लाने की प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि वे देश में दर्ज मुकदमों का सामना कर सकें. जनवरी 2019 में पीएमएलए के तहत एक अदालत ने माल्या को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था. विजय माल्या मार्च 2016 में भारत से बाहर चला गया था.
विदेश मंत्रालय ने कहा कि ललित मोदी और विजय माल्या को देश वापस लाने की हर कोशिश जारी है. (फाइल फोटो)नई दिल्ली. विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि वह ललित मोदी और विजय माल्या समेत अन्य आर्थिक भगोड़ों को विदेश से वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे देश में अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों का सामना कर सकें. विदेश मंत्रालय का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब दो दिन पहले ही ललित मोदी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर खुद को और माल्या को भारत के ‘दो सबसे बड़े भगोड़े’ बताया था. वीडियो में ललित मोदी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘हम दो भगोड़े हैं, भारत के सबसे बड़े भगोड़े.’
लंदन में माल्या के 70वें जन्मदिन की पार्टी का यह वीडियो बाद में हटा दिया गया. वीडियो के शीर्षक में ललित मोदी ने व्यंग्यात्मक लहजे में लिखा, “चलिए भारत में इंटरनेट पर फिर से धमाल मचाते हैं.” हटाए जा चुके इस वीडियो के बारे में पूछे जाने पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार भारत में वांछित लोगों को वापस लाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है.
उन्होंने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा, “हम इस बात के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं कि भारत में वॉन्टेड भगोड़ों को देश वापस लाया जाए. इस विशेष मुद्दे पर हम कई सरकारों से बातचीत कर रहे हैं.” जायसवाल ने कहा, “प्रक्रियाएं जारी हैं. इनमें से कई मामलों में कानूनी पेचीदगियां कई स्तरों पर शामिल हैं. लेकिन हम उन्हें भारत वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि वे यहां की अदालतों में मुकदमे का सामना कर सकें.”
माल्या भारत में किंगफिशर एयरलाइंस को दिए गए ऋणों के संबंध में धोखाधड़ी और मनीलॉन्ड्रिंग के आरोपों में वॉन्टेड है. जनवरी 2019 में धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामलों की सुनवाई करने वाली एक विशेष अदालत ने माल्या को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया था. कई ऋणों का भुगतान न करने और धनशोधन के आरोपों का सामना कर रहे माल्या ने मार्च 2016 में भारत से बाहर चला गया था.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें