make-nimona-at-home-like-this-in-winter-dish-delicious-know-full-recipe, कहीं गलत तरीके से तो ‘निमोना’ नहीं बनाते! यहां जानिए सही रेसिपी, इन चीजों को डालने से बढ़ जाता है स्वाद
Last Updated:
Nimona Recipe: सर्दी के मौसम में लगभग हर घर में निमोना जरूर बनता है, जिसे लोग रोटी या चावल के साथ बड़े मन से खाते हैं, लेकिन कुछ लोगों को निमोना बनाने की सही रेसिपी मालूम नहीं होती, जिसके कारण निमोना स्वादिष्ट नहीं बन पाता है. आइए आज आपको निमोना बनाने की ऐसी रेसिपी बताते हैं, जिसे खाने के बाद आपके मुंह से वाह जरूर निकलेगा.
निमोना रेसिपी: सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है. ऐसे में लोग सर्दी के मौसम में तरह-तरह के व्यंजन बनाकर खाते हैं. इन्हीं व्यंजनों में एक है निमोना, जो लोहे की कढ़ाई में बनाया जाता है. यह हरी मटर को पीसकर बनाए जाने वाला ग्रामीण इलाके का पारंपरिक और फेमस व्यंजन है, जिसे लोग सर्दी के मौसम में खाना खूब पसंद करते हैं. ऐसे में अगर आप भी निमोना बनाने की सोच रहे हैं तो आज हम आपको बताने वाले हैं निमोना बनाने की ऐसी रेसिपी के बारे में, जिसका स्वाद बेमिसाल होता है.
इस तरह करें शुरुआत
व्यंजन स्पेशलिस्ट सविता श्रीवास्तव लोकल 18 से बताती हैं कि निमोना सर्दी में बनाए जाने वाला एक बेहतरीन व्यंजन होता है, जो उत्तर भारत के लोगों की पहली पसंद माना जाता है, जो मुख्य रूप से लोहे की कढ़ाई में बनाया जाता है. हालांकि इसे जस्ता की कड़ाही में भी बनाया जा सकता है. इसको बनाने के लिए सबसे पहले हमें हरी धनिया, मिर्च, अदरक और लहसुन को पत्थर के सिलबट्टे पर पीस लेना है. उसके बाद इस सिल पर मटर के दाने को दूर-दूर कर लेना है. ध्यान रहे कि मटर को पूरी तरीके से ना पीसे, हल्का दरबरा रहेगा तो निमोना और स्वादिष्ट रहेगा. इसके बाद कड़ाही में हल्का तेल डाल दें और जब तेल गर्म हो जाए तो उसमें कोहड़ौरी को अच्छे से तल लेना चाहिए. तलने के बाद उसको कड़ाही से निकाल लें और मटर के पिसे हुए दाने को लाल होने तक भून लेना चाहिए.
इन सामग्रियों का करें प्रयोग
सविता श्रीवास्तव आगे बताती हैं कि निमोना एक ऐसी रेसिपी है, जिसमें हम मसाले का प्रयोग नहीं करते हैं, बल्कि हींग, कोहड़ौरी का प्रयोग करते हैं. अगर आप चाहे तो इसमें काली मिर्च, लौंग और इलायची को भी हल्का दरबरा करके इसमें डाल सकते हैं और निमोना भूनने के बाद उसमें कढ़ाई में डाल दीजिए. कढ़ाई में अच्छे से कटा हुआ आलू होना चाहिए. भूनने के बाद उसमें पानी डाल दीजिए और थोड़ी देर तक प्लेट से कढ़ाई को ढक दीजिये. धीमी आंच में थोड़ी देर पकाने के बाद आपका निमोना तैयार हो जाता है. इसके बाद इसमें कटा हुआ हरा धनिया डालकर आप इसे लोगों को परोसने के लिए दे सकते हैं.
About the Author
आर्यन ने नई दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई की और एबीपी में काम किया. उसके बाद नेटवर्क 18 के Local 18 से जुड़ गए.