कानपुर में आज से अपने-अपने राम की प्रस्तुति देंगे कुमार विश्वास, 3 दिन तक चलेगा आयोजन, ऐसे मिलेगा प्रवेश
Last Updated:
Kanpur News: कानपुर में आज से डॉ. कुमार विश्वास की चर्चित कथा ‘अपने-अपने राम’ का तीन दिवसीय आयोजन शुरू हो रहा है. सीएसए ग्राउंड में होने वाली कथा 28 दिसंबर तक चलेगी. प्रतिदिन 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जाएगा.
कुमार विश्वासकानपुर: कानपुर में आज से प्रसिद्ध कवि और कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास अपनी चर्चित कथा अपने-अपने राम की प्रस्तुति देने जा रहे हैं. यह कार्यक्रम श्री महाराजा अग्रसेन जयंती समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है. कथा का आयोजन चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के ग्राउंड में किया जा रहा है. यह तीन दिवसीय आयोजन है, जो 28 दिसंबर तक चलेगा. कार्यक्रम को लेकर शहर में खासा उत्साह देखा जा रहा है. समिति की ओर से बताया गया है कि कथा का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जाएगा, ताकि जो लोग कार्यक्रम स्थल तक नहीं पहुंच पाएं, वे भी घर बैठे कथा का आनंद ले सकें. आयोजन के लिए पहले से ही क्यूआर कोड के माध्यम से निशुल्क पास जारी किए जा रहे हैं.
20 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने का अनुमान
आयोजकों के अनुसार, कथा पंडाल में प्रतिदिन 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है. पंडाल को भव्य रूप से सजाया गया है और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था की गई है. कार्यक्रम के दौरान डॉ. कुमार विश्वास भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को सरल भाषा में प्रस्तुत करेंगे. समिति अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि कथा का उद्देश्य केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना है. श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेकर लोग अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें, यही इस आयोजन का मकसद है.
दोपहर तीन बजे से मिलेगा प्रवेश, गेट नंबर तीन रहेगा बंद
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को दोपहर तीन बजे से प्रवेश दिया जाएगा. सुरक्षा कारणों से गेट नंबर तीन को बंद रखा जाएगा. डॉ. कुमार विश्वास प्रतिदिन शाम चार बजे से रात आठ बजे तक कथा प्रस्तुत करेंगे. आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है. साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ समन्वय किया गया है. इसी दौरान समिति द्वारा महालक्ष्मी धाम मंदिर निर्माण की घोषणा भी की जाएगी. इसके लिए करीब 3680 गज जमीन दान में प्राप्त हुई है. कार्यक्रम में मंदिर निर्माण की रूपरेखा और आगे की योजना भी लोगों के सामने रखी जाएगी.आयोजन की तैयारियों में समिति के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से जुटे हुए हैं.आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन कानपुर के सांस्कृतिक और धार्मिक जीवन में एक यादगार अध्याय साबित होगा.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें