Navjot Kaur Sidhu Calls Nitin Gadkari Most Efficient Leader, Sparks Joining BJP Speculation | ‘500 करोड़’ वाले बयान पर सस्पेंड नवजोत कौर सिद्धू का नया दांव, गडकरी की तारीफ कर कांग्रेस के जले पर छिड़का नमक
Last Updated:
कांग्रेस से निलंबित डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर उनकी जमकर तारीफ की है. सोशल मीडिया पर उन्होंने गडकरी को ‘अद्भुत इंसान’ और समस्याओं का तत्काल समाधान करने वाला नेता बताया. नवजोत कौर ने अमृतसर के अधूरे बाईपास और ट्रैफिक जाम की समस्याओं पर एक पत्र भी सौंपा. ‘500 करोड़ की अटैची’ वाले बयान पर निलंबन के बाद इस मुलाकात के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ अमृतसर (ईस्ट) की पूर्व विधायक डॉ. नवजोत कौर सिद्धू (Photo : X/NavjotSidh42212)चंडीगढ़: हाल ही में कांग्रेस पार्टी से निलंबित की गईं डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की जमकर तारीफ की है. नवजोत कौर ने न केवल सोशल मीडिया पर गडकरी की कार्यशैली की सराहना की, बल्कि उनसे मुलाकात कर अमृतसर की सड़कों और हाइवे से जुड़ी गंभीर समस्याओं को भी उठाया. सिद्धू को ‘500 करोड़ की अटैची’ वाले विवादित बयान के चलते पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया था. राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात और तारीफ के कई मायने निकाले जा रहे हैं. नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी और पूर्व विधायक डॉ. सिद्धू ने ‘एक्स’ पर गडकरी के साथ मुलाकात का फोटो पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, ‘क्या अद्भुत इंसान हैं, हमारे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी. वे सबसे प्रेरणादायक, कुशल और इनोवेटिव नेताओं में से एक हैं, जिनके पास बड़ी से बड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान होता है. अमृतसर के लोग वास्तव में आपके आभारी रहेंगे.’
यह तारीफ इसलिए भी अहम है क्योंकि नवजोत कौर सिद्धू और उनके पति लंबे समय तक भाजपा के खिलाफ मुखर रहे हैं, लेकिन अब कांग्रेस से निलंबन के बाद उनके सुर बदलते नजर आ रहे हैं.
अमृतसर की इन 3 बड़ी समस्याओं को लेकर सौंपी चिट्ठी
नवजोत कौर सिद्धू ने 23 दिसंबर 2025 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक पत्र सौंपा है, जिसमें उन्होंने अमृतसर के विकास से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों को उठाया है.
रंजीत एवेन्यू लोहारका बाईपास: उन्होंने पत्र में रंजीत एवेन्यू लोहारका बाईपास के अधूरे काम का मुद्दा उठाया है, जो लंबे समय से लटका हुआ है.
वल्लाह बाईपास की बदहाल स्थिति: नवजोत कौर ने अपने पत्र में लिखा है कि वल्लाह बाईपास, जो उनके निर्वाचन क्षेत्र (अमृतसर ईस्ट) में आता है, की हालत खस्ता है. उन्होंने बताया कि आउटर सर्किल की कनेक्टिविटी का काम बुरी तरह प्रभावित हुआ है. सर्विस लेन न होने के कारण यहां हर दिन जाम लगता है. उन्होंने प्रोजेक्ट की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि काम बहुत घटिया है, टाइलें टूट रही हैं और नालियों में पौधे उग आए हैं. उन्होंने इस मामले में जांच की मांग की है और काम को युद्ध स्तर पर पूरा करने का आग्रह किया है.
एयरपोर्ट रोड और वीआईपी मूवमेंट: अपने पत्र में उन्होंने तीसरा सबसे अहम मुद्दा एयरपोर्ट रोड का उठाया है. उन्होंने लिखा कि एयरपोर्ट से शहर की ओर आने वाले मुख्य राजमार्ग पर वीआईपी मूवमेंट के कारण अक्सर जाम लगा रहता है. कोई वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण आम लोग अपनी फ्लाइट्स मिस कर रहे हैं. उन्होंने गडकरी से अनुरोध किया है कि चूंकि अमृतसर एयरपोर्ट आधे पंजाब की लाइफलाइन है, इसलिए इस मामले को व्यक्तिगत स्तर पर देखें.
What an amazing soul, our UNION MINISTER forTransport,Roads and Highways of INDIA :MR NITIN GADKARI Ji. One of the most inspiring, efficient and innovative leader who has an immediate solution to over stretched problems. People of AMRITSAR will be really grateful to you… pic.twitter.com/YfNogk96KN