Vaibhav Suryavanshi became 1st Player in world: विजय हजारे ट्रॉफी में वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी अंजाद में बल्लेबाजी करते हुए 190 रनों की पारी खेली.
Last Updated:
Vaibhav Suryavanshi Record: वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी के अपने पहले ही मैच में बिहार के लिए खेलते हुए अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 36 गेंद में शतक ठोककर इतिहास रच दिया. लिस्ट ए क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी ने इस शतक के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है.
वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में रचा इतिहासनई दिल्ली: 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के पहले ही मैच में बवंडर ला दिया. बिहार के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 84 गेंद में 190 रनों की धुआंधार पारी खेली. अपनी इस पारी में वैभव ने 16 चौके और 15 छक्के भी लगाए. इस दौरान वैभव ने सिर्फ 36 गेंद में अपना शतक पूरा किया. इसके साथ ही वैभव सूर्यवंशी के नाम एक बड़ा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया.
वैभव सूर्यवंशी विजय हजारे ट्रॉफी में इतिहास रचते हुए 15 साल की उम्र से पहले लिस्ट ए और टी20 क्रिकेट दोनों में शतक लगाने वाले दुनिया के पहले मेंस क्रिकेटर बन गए. गुरुवार को वह पुरुषों की लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र (14 साल, 272 दिन) में शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी बन गए. इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के जहूर इलाही के नाम था, जिन्होंने 15 साल 209 दिन की उम्र में लिस्ट ए में शतक लगाया था.
वैभव ने तोड़ा एवी डिविलियर्स का रिकॉर्ड
बिहार के लिए पारी की शुरुआत करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने मैच में साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज एबी डिविलियर्स का भी एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा. वैभव ने अपनी पारी में सिर्फ 59 गेंद में 150 रन के आंकड़े को पार कर लिया था. इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड डिविलियर्स के नाम था. डिविलियर्स ने साल 2015 विश्व कप में 64 गेंद में 150 रन बनाए थे.
बिहार के नाम लिस्ट में सबसे बड़ा स्कोर
वैभव सूर्यवंशी के लिए अलावा बिहार की तरफ से कप्तान साकिबुल गनी और आयुष लोहारुका ने भी शतक ठोका. साकिबुल टीम के लिए 40 गेंद में 128 रन बनाकर नाबाद रहे. अपनी इस पारी में उन्होंने 12 छक्के और 10 चौके भी लगाए. इसके अलावा आयुष ने 116 रनों का योगदान दिया. बिहार अपने तीन बल्लेबाजों की तूफानी पारी से निर्धारित 50 ओवर के खेल में 6 विकेट के नुकसान 574 रन का स्कोर खड़ा कर दिया. लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास में ये सबसे बड़ा टीम स्कोर है. इस स्कोर के जवाब में अरुणाचल की टीम 42.1 ओवर में 177 रन बनाकर सिमट गई, जिससे बिहार को 397 रनों से रिकॉर्ड जीत मिली.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें