सैफ अली खान पर हमला, रणवीर सिंह की मिमिक्री से लेकर ‘हेरा फेरी 3’ तक, 2025 में इन 8 विवादों पर खूब मचा हल्ला
Last Updated:
इस साल की शुरुआत में सैफ अली खान पर हमला हुआ और इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया. परेश रावल ने अक्षय कुमार और सुनील शेट्टी की फेरी हेरी 3 फिल्म से बाहर होने का ऐलान कर फैंस को चौंका दिया. इसके बाद दीपिका पादुकोण की शिफ्ट को लेकर मांग हुई और जया बच्चन ने पैपराजी पर तंज कसते हुए विवादित बयान दिया. बॉलीवुड में हुईं ऐसी कई घटनाएं शामिल हैं, जिन्हें लेकर साल 2025 में जमकर हो हल्ला मचा है. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा में सैफ अली खान पर हुआ जानलेवा हमला ही रहा है, जिसने पूरी इंडस्ट्री को डर के माहौल में डाल दिया.

नई दिल्ली. साल 2025 में एक तरफ ‘छावा’ ‘धुरंधर’ और ‘सैयारा’ जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल किया, वहीं कई घटनाएं ऐसी हुईं, जिन्होंने इंडस्ट्री को चर्चा में ला दिया. इस लिस्ट में सैफ अली खान पर जानलेवा हमले से लेकर काम के घंटों की बहस तक कई विवाद फैंस को चौंकाते रहे. सालभर सुर्खियां बटोरने वाली इन 8 बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी पर सबकी नजर रही. चलिए आपको विवादों के बारे में विस्तार से बताते हैं.

सैफ अली खान पर हमला: साल की शुरुआत में ही सैफ अली खान पर जानलेवा हमला हुआ, जो बॉलीवुड की सबसे चौंकाने वाली घटनाओं में से एक थी. जनवरी में उनके घर में घुसे चोर ने सैफ पर चाकू से कई वार किए. यह हमला छोटे बेटे जेह के कमरे तक पहुंचने की कोशिश के दौरान हुआ. सैफ को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना ने सेलिब्रिटी सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठाया. मीडिया कवरेज और आरोपी के पकड़े जाने समेत अन्य बातों को लेकर विवाद और भी बढ़ता दिखा. हालांकि, सैफ के रिकवर होने की खबर ने उनके प्रशंसकों को राहत दी.

दीपिका पादुकोण की शिफ्ट को लेकर मांग: दीपिका पादुकोण इस साल काम के घंटों को लेकर सुर्खियों में रहीं. मां बनने के बाद उन्होंने 8 घंटे की शिफ्ट की मांग की, जिसके चलते वे फिल्म निर्माता-निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल से बाहर हो गईं. इस मामले ने इंडस्ट्री में वर्क-लाइफ बैलेंस, महिलाओं के लिए समान अधिकार और पेरेंट्स बनने के बाद काम की शर्तों पर नई बहस छेड़ दी. दीपिका की इस मांग को लेकर कई लोग समर्थन में दिखे, तो कुछ ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में फिक्स्ड शिफ्ट नहीं हो सकती.
Add News18 as
Preferred Source on Google

परेश रावल का हेरा फेरी 3 को छोड़ना: परेश रावल और ‘हेरा फेरी 3’ का विवाद फैंस को निराश करने वाला था. परेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ऐलान किया कि वह अपकमिंग फिल्म का हिस्सा नहीं हैं. ‘बाबूराव’ के फैंस के लिए यह खबर बेहद खराब रही. अक्षय कुमार के साथ उनके अनबन की खबर भी सामने आई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि कुछ समय बाद बातचीत से मामला सुलझा और परेश ने वापसी की खबर दी.

दिलजीत दोसांझ और हानिया आमिर विवाद: सिंगर-एक्टर दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ में पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर को कास्ट करने पर भी जमकर विवाद हुआ. पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन की मांग जोर पकड़ गई. सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और बॉयकॉट कॉल्स के बाद मेकर्स ने फिल्म को भारत में रिलीज न करने का फैसला किया.

रणवीर सिंह की मिमिक्री का विवाद: साल 2025 में रणवीर सिंह भी विवादों में फंसते नजर आए. फिल्म फेस्टिवल के मंच पर रणवीर ने ‘कांतारा’ के एक पवित्र सीन की मिमिक्री की, जिसे लोगों ने अपमानजनक माना. सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद रणवीर ने सार्वजनिक माफी भी मांगी. वीडियो में ऋषभ शेट्टी उनसे ऐसा न करने की बात भी कहते नजर आए थे. यह घटना सोशल मीडिया पर जमकर जोर पकड़ी.

उदित नारायण का फीमेल फैन को किस करने का विवाद: एक इवेंट में मशहूर गायक उदित नारायण ने महिला फैन को किस करने की कोशिश की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. इस कारनामे के लिए उनकी खूब आलोचना हुई.

स्मृति मंधाना और पलाश मुच्छल का रिश्ता: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी स्मृति मंधाना और म्यूजिक कंपोजर पलाश मुच्छल के रिश्ते और शादी को लेकर खूब सुर्खियां बनीं. दोनों की शादी 23 नवंबर को तय थी, लेकिन स्मृति के पिता की अचानक तबीयत बिगड़ने से इसे स्थगित कर दिया गया. पलाश भी तनाव के कारण अस्पताल में भर्ती हुए. इसके बाद सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी की अफवाहें उड़ीं; स्मृति ने शादी से जुड़े पोस्ट डिलीट कर दिए थे. आखिरकार दिसंबर में दोनों ने बयान जारी कर रिश्ता खत्म होने और शादी कैंसल होने की पुष्टि की. दोनों ने प्राइवेसी की अपील की.

जया बच्चन का पैपराजी पर विवादित बयान: दिग्गज एक्ट्रेस जया बच्चन का पैपराजी के साथ तनावपूर्ण रिश्ता साल 2025 में फिर सुर्खियों में रहा. एक प्रोग्राम में जया ने कहा कि मीडिया से उनका गहरा नाता है, लेकिन पैपराजी से जीरो रिलेशनशिप है. उन्होंने पैपराजी को ‘गंदे, टाइट पैंट पहनने वाले’ बताते हुए उनकी ट्रेनिंग, बैकग्राउंड और व्यवहार पर सवाल उठाए. यही नहीं, जया ने एक्टर्स पर भी तंज कसा कि एयरपोर्ट पर फोटो के लिए कैमरा बुलाना शर्मनाक है. उनके इस बयान से पैपराजी भड़क गए और बच्चन परिवार का बॉयकॉट करने की बात भी कही.