How to Keep Roti Soft in Winter। मुलायम रोटियां बनाने के टिप्स
Soft Roti Tips: रोटी भारतीय खाने का अहम हिस्सा है. चाहे लंच हो या डिनर, रोटी हर घर की थाली में जरूर रहती है, लेकिन सर्दियों के मौसम में अकसर ऐसा होता है कि हमने बड़ी मेहनत से रोटियां बनाई, लेकिन वो कुछ ही मिनटों में टाइट और सख्त हो जाती हैं. यह समस्या सिर्फ घर के नए कुक्स के साथ नहीं, बल्कि कई एक्सपीरियंस्ड लोगों के साथ भी होती है. सर्दियों में आटे में नमी जल्दी कम हो जाती है, जिससे रोटी सख्त हो जाती है. कई बार आपने देखा होगा कि ताजी रोटी को हाथ में लेते ही पता चल जाता है कि यह अभी नरम है या नहीं, अगर आप भी चाहते हैं कि आपकी रोटियां सर्दियों में भी रुई सी मुलायम रहें और पूरे परिवार को खाने में मजा आए, तो इसके लिए कुछ आसान ट्रिक्स अपनाने होंगे. इनमें आटे की क्वालिटी, गूंथने का तरीका, पानी का तापमान और रोटियों को स्टोर करने के सही तरीका शामिल हैं. बस कुछ छोटे बदलाव करके आप अपनी रोटियों को घंटों तक सॉफ्ट रख सकते हैं. आज हम आपको 4 ऐसे आसान टिप्स बता रहे हैं जिन्हें फॉलो करके आप हर बार सॉफ्ट और टेंडर रोटियां बना सकते हैं.
रोटियों को सॉफ्ट बनाने के 4 आसान टिप्स
1. आटे में तेल या घी डालें
सर्दियों में रोटियों को मुलायम रखने का सबसे आसान तरीका है आटे में थोड़ा सा घी या तेल मिलाना. जब आप आटा गूंथ रहे हों, तब आधा चम्मच तेल या घी डाल दें और अच्छे से मिला लें. यह रोटियों के अंदर नमी बनाए रखता है और रोटी जल्दी सख्त नहीं होती. घी या तेल की मात्रा बहुत ज्यादा न हो, बस हल्का सा जोड़ें, जिससे आटा चिकना और रोटी नरम बने.
2. आटे को रेस्ट दें
अकसर समय की कमी के चलते लोग आटा गूंथते ही रोटियां बनाने लगते हैं. इससे रोटियां टाइट और सख्त हो जाती हैं, अगर आप चाहते हैं कि आपकी रोटियां रुई सी मुलायम रहें, तो आटे को गूंथने के बाद कम से कम 10-15 मिनट के लिए ढक कर रखें. यह समय आटे को पूरी तरह हाइड्रेट होने का मौका देता है, जिससे रोटियां नरम और फ्लफी बनती हैं.
3. गुनगुने पानी से गूंथे आटा
सिर्फ आटे में तेल डालने या रेस्ट देने से ही काम नहीं चलता. पानी का तापमान भी मायने रखता है. सर्दियों में अगर आप सामान्य ठंडे पानी से आटा गूंथते हैं तो रोटी जल्दी सख्त हो जाती है. इसलिए आटा गूंथते समय गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. गुनगुने पानी से आटा मुलायम बनता है और रोटियां लंबे समय तक सॉफ्ट रहती हैं. यह तरीका खासकर तब काम आता है जब आप बड़ी मात्रा में रोटियां बना रहे हों.
4. रोटियों को स्टोर करने का सही तरीका
रोटियों को सॉफ्ट रखने के लिए सिर्फ बनाने का तरीका ही नहीं, बल्कि स्टोर करने का तरीका भी बहुत जरूरी है. ताजी रोटी को सीधे खुले में छोड़ने से वो जल्दी टाइट हो जाती है. इसके लिए रोटियों को हल्का सा घी लगाकर एक साफ सूती कपड़े में लपेटें और फिर एयरटाइट कंटेनर या कैसरोल में रखें. इससे रोटियों की नमी बनी रहती है और आप घंटों तक मुलायम रोटियों का आनंद ले सकते हैं.
अतिरिक्त टिप्स
-रोटियों को बनाते समय ज्यादा पतली न बेलें. थोड़ी मोटी रोटियां ज्यादा देर तक नरम रहती हैं.
-आटा फ्रेश होना चाहिए. पुराने या स्टोर किए हुए आटे से रोटियां जल्दी सख्त हो जाती हैं.
-अगर रोटियां फ्रीज करने के बाद इस्तेमाल करनी हों तो इस्तेमाल करने से पहले हल्का सा स्टीम करें, इससे वो फिर से मुलायम हो जाएंगी.