अचार-चटनी के साथ खाएं या चाय के साथ लें लुत्फ, सत्तू की खस्ता कचौरी, हर हाल में लगती टेस्टी, ऐसे बनेंगी कुरकुरी – Jharkhand News
रांची. ठंड का मौसम हो और इस मौसम में खासतौर पर सुबह लोग पराठे या फिर कचौड़ी खाना खूब पसंद करते हैं. ऐसे में आप सत्तू की एकदम खस्ता कचौड़ी बनाकर तैयार कर सकते हैं. खाने में तो यह टेस्टी लगती ही है, यकीन मानिए इसके साथ आपको चोखे की भी जरूरत नहीं पड़ेगी. यूं ही खा लेंगे. कुकिंग एक्सपर्ट ने बताया कि इतनी खस्ता कचौड़ी घर पर कैसे बनाई जाए.
सबसे पहले तैयार करें सत्तू का मसाला
कुकिंग एक्सपर्ट शालिनी बताती हैं कि सत्तू की खस्ता कचौड़ी बनाने के लिए, सबसे पहले आपको सत्तू का मसाला तैयार करना पड़ेगा. क्योंकि जितना स्वादिष्ट सत्तू का मसाला होगा, कचौड़ी उतनी ही स्वादिष्ट बनेगी. इसके लिए आप कम से कम चार चम्मच सत्तू लें और उसमें आधा नींबू पूरी तरह निचोड़ दीजिए.
ऐसे बना लें सत्तू का मसाला
नींबू निचोड़ने के बाद इसमें स्वाद अनुसार नमक, थोड़ा सा अजवाइन, घर में जो भी अचार मौजूद है उसका थोड़ा सा मसाला, सरसों का तेल, कटा हुआ लहसुन और मिर्च डालकर अच्छे से मिला लीजिए. ध्यान रहे, आपको पानी नहीं मिलाना है. अगर थोड़ा सूखा लग रहा हो, तो जरा सा और सरसों का तेल डाल लें. इसके बाद बारीक कटा हुआ धनिया पत्ता डाल दीजिए. अगर आपको तुरंत खाना है, तो आप प्याज भी डाल सकते हैं.
अब तैयार करें आटा
इन सभी को मिलाने के बाद आपका सत्तू का मसाला बनकर तैयार है. इसे साइड में रख दीजिए और अब आटा तैयार कीजिए. अगर आप मैदा का बनाना चाहते हैं तो ठीक है, वरना थोड़ा हेल्दी बनाना हो तो आटा ले लीजिए. आधा आटा और आधा मैदा लेकर दोनों को अच्छे से मिला लें. इसमें अजवाइन और अच्छा-खासा मोयन डालें. नमक और पानी डालकर जितना हो सके उतना देर तक गूंथिए.
इसके बाद बनाइए कचौड़ी
अब आपको छोटी-छोटी लोइयां लेनी हैं. इसमें जो आपने मसाला तैयार किया है, उसे अंदर भर दीजिए. एक बात का ध्यान रखें कि आपको इसे एकदम गोल नहीं बनाना है, बल्कि थोड़ा चपटा और पतला रखना है, तभी यह अच्छे से फूलेगी. आप चाहें तो आटे में थोड़ा सा और मैदा भी डाल सकते हैं, इससे कचौड़ी और अच्छे से फूलती है.
अब कचौड़ियों को गरम तेल में डाल दीजिए. यह 5–10 मिनट में ही फूलकर एकदम बड़ी हो जाएगी. लीजिए, बनकर तैयार है ठंड के मौसम के लिए आपकी गरमा-गरम सत्तू की कचौड़ी. खाने में बेहद स्वादिष्ट. इसे आप चोखे के साथ, साधारण अचार के साथ या फिर यूं ही भी खा सकते हैं. यह चाय के साथ भी गजब लगती है.