हिजाब विवाद: जावेद अख्तर ने नीतीश कुमार पर फिर साधा निशाना, ‘क्या किसी हिंदू महिला का घूंघट हटाने की हिम्मत होती?’

Share to your loved once


नई दिल्ली. मशहूर गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है. पटना में एक कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार द्वारा एक महिला डॉक्टर का हिजाब उतारने की घटना को जावेद ने ‘अशोभनीय’ करार दिया. उन्होंने कहा कि भले ही कोई व्यक्ति नास्तिक हो या धर्म में विश्वास न रखता हो, लेकिन इससे उसे दूसरों की भावनाओं का अपमान करने का अधिकार नहीं मिल जाता. उन्होंने सीएम से माफी मांगने की अपील की है.

इंडिया टुडे से बातचीत में जावेद अख्तर ने इस मसले पर फिर बात की और खुलकर नीतीश कुमार ने जो किया, उसका विरोध किया. उन्होंने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा- शायद मैं नास्तिक हूं, मुझे धर्म पर विश्वास नहीं है. क्या इसका मतलब है कि मैं मंदिर, मस्जिद या चर्च से लोगों को खींचकर बाहर निकालूं?

जो किया उसकी वजह बता सकते हैं?

जावेद अख्तर ने गुस्से में कहा- क्या कोई ऐसा कर सकता है? आप इसका विरोध कर सकते हैं, अपनी वजह बता सकते हैं और कोशिश कर सकते हैं कि लोग आपकी सोच समझें, लेकिन ऐसा नहीं कर सकते. खासकर एक महिला के साथ, सिर्फ मुस्लिम महिला नहीं, किसी भी महिला के साथ.’

‘हिंदू महिला का घूंघट उतारते?’

अख्तर ने आगे कहा कि भारत में आज भी कई क्षेत्र हैं जहां हिंदू महिलाएं घूंघट की प्रथा का पालन करती हैं. उन्होंने पूछा, ‘क्या आप जाकर उनका घूंघट उतारेंगे? आप ऐसा कैसे कर सकते हैं? कोई भी ऐसा कैसे कर सकता है?’ उनका आरोप है कि नीतीश कुमार ने इसलिए ऐसा किया क्योंकि उन्हें पता था कि कोई नतीजा नहीं निकलेगा.

‘महिला की गरिमा का सवाल’

जावेद अख्तर ने जोर देकर कहा कि यह विवाद धर्म के बजाय एक महिला की गरिमा और अधिकारों का है. उन्होंने कहा, ‘मैं किसी भी सभ्य व्यक्ति से पूछना चाहता हूं, जिसे महिलाओं की गरिमा का कुछ सम्मान है कि चाहे यह व्यक्ति यहूदी हो या पारसी या हिंदू या बौद्ध, अगर वह सभ्य व्यक्ति होता तो उसकी क्या प्रतिक्रिया होती? इसलिए, यह हिंदू और मुस्लिम का मुद्दा नहीं है.’ उन्होंने नीतीश कुमार से माफी मांगने की अपील करते हुए कहा, ‘नीतीश कुमार को अगर जरा भी शर्म है तो माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने एक महिला के साफ दुर्व्यवहार किया है.’

क्या थी वो घटना?

पिछले हफ्ते, पटना में ‘संवाद’ (मुख्यमंत्री सचिवालय) में आयोजित एक नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में, डॉ. नुसरत परवीन जब अपना नियुक्ति पत्र लेने पहुंचीं तो नीतीश कुमार ने उनका नकाब देखकर कहा, ‘यह क्या है’ और उसे हटा दिया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP