फाइनल में पंगा, पाकिस्तानी खिलाड़ी ने आयुष म्हात्रे को दिखाई आंख, फिर भारतीय कप्तान ने निकाल दी हेकड़ी
Last Updated:
Ayush Mhatre Verbal Clash IND vs PAK: दुबई के ICC अकेडमी ग्राउंड में खेले गए भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप फाइनल में जबरदस्त पंगा देखने को मिला. दरअसल, पाकिस्तान के एक खिलाड़ी ने भारतीय कप्तान को आंख दिखाने की कोशिश की. आयुष म्हात्रे ने देरी किए बिना तुरंत उसकी हेकड़ी निकली दी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.
आयुष म्हात्रे ने निकाली पाकिस्तानी खिलाड़ी की हेकड़ी.नई दिल्ली. भारत ने अंडर-19 एशिया कप 2025 का खिताब जीतने का मौका गंवा दिया. दुबई के ICC अकेडमी ग्राउंड में खेले गए फाइनल को पाकिस्तान ने 191 रन से जीतकर ट्रॉफी उठाई. भले ही पाकिस्तान ने ट्रॉफी जीत ली, लेकिन उसके खिलाड़ी मैच के दौरान अपनी हरकतों से बाज नहीं आए. कई मौकों पर पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने भारतीय प्लेयर्स को उकसाने की कोशिश की. एक मौका तो ऐसा आया, जब माहौल गरमा गया, क्योंकि भारतीय बल्लेबाजी के दौरान एक पाकिस्तानी खिलाड़ी ने आयुष म्हात्रे को आंख दिखाने की कोशिश की.
दरअसल, यह वाकया तब हुआ जब भारत 348 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा कर रहा था और आयुष म्हात्रे सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए. मैच के तीसरे ओवर में पाकिस्तान के तेज गेंदबाज अली रजा ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद डाली. म्हात्रे ने ऑफ साइड में ड्राइव लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे मिड-ऑफ पर खड़े फरहान यूसुफ के हाथों में चली गई, जिन्होंने आसान कैच पकड़ लिया. विकेट गिरते ही अली रजा ने जोरदार अंदाज में जश्न मनाया. जब आयुष म्हात्रे पवेलियन की ओर लौट रहे थे, तभी पाकिस्तान के एक खिलाड़ी ने उन पर टिप्पणी की. इस हरकत पर आयुष म्हात्रे को गुस्सा आ गया और उन्होंने पीछे मुड़कर मुंहतोड़ जवाब दिया. जिससे दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई.