20 लोगों का समूह, 25 हजार तक की कमाई…मुरादाबाद में महिला-पुरुष मिलकर चला रहे स्टार्टअप, देशभर से आ रही डिमांड
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में अब सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष भी समूह बनाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं. शहर में कई ऐसे समूह सक्रिय हैं, जिन्हें पुरुष चला रहे हैं और अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं. इसी कड़ी में एक ऐसा समूह भी है, जिसमें पुरुष और महिलाएं दोनों मिलकर बेडशीट, चादर, साड़ी, सूट और दुपट्टे जैसे उत्पाद तैयार कर रहे हैं. इन उत्पादों को बाजार में बेचकर न सिर्फ अच्छा मुनाफा कमाया जा रहा है, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार से जोड़ा जा रहा है.
समूह के अध्यक्ष जमालुद्दीन ने बताया कि उनका समूह ‘जेडी सिल्क’ के नाम से काम कर रहा है. इस समूह में कुल 20 लोग शामिल हैं. सभी सदस्य मिलकर साड़ी, सूट, दुपट्टा, बेडशीट और चादर जैसे उत्पाद तैयार करते हैं. तैयार माल को पूरे देश में बेचा जाता है. महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक और कोलकाता समेत कई राज्यों में इनके उत्पादों की अच्छी मांग है.
उन्होंने बताया कि इस समूह में महिला और पुरुष दोनों समान रूप से काम करते हैं. मिल-जुलकर काम करने से उत्पादन भी बेहतर होता है और मुनाफा भी बढ़ता है.
20 से 25 हजार रुपए महीना कमा रहे हैं सदस्य
जमालुद्दीन के अनुसार, समूह से जुड़े प्रत्येक सदस्य को महीने में 20 से 25 हजार रुपए तक की आमदनी हो जाती है. यह आमदनी व्यक्ति की मेहनत और काम की मात्रा पर निर्भर करती है. जो जितना ज्यादा काम करता है, उसे उतना ही अधिक मुनाफा मिलता है.
काफी अच्छी क्वालिटी है, ग्राहक मंगवाते हैं फिर से
बताया कि उनके उत्पादों की क्वालिटी काफी अच्छी है, जिस वजह से एक बार खरीदने वाले ग्राहक दोबारा भी सामान मंगवाते हैं. समूह बनाकर कारोबार करना उनके लिए बेहद कारगर साबित हुआ है. वे अन्य लोगों से भी अपील करते हैं कि वे समूह के माध्यम से अपना स्टार्टअप शुरू करें और आत्मनिर्भर बनें.