ईशान किशन को देखकर गावस्कर गदगद, बोले- उसने टीम को चैंपियन बनाकर टी20 वर्ल्ड कप टीम में शानदार वापसी की

Share to your loved once


नई दिल्ली.  दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन के चयन का समर्थन किया. वहीं पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने शुभमन गिल को बाहर करने जैसे कठिन फैसले के लिए चयन समिति की तारीफ की. चयनकर्ताओं ने विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन और रिंकू सिंह को टीम में वापस लिया, जबकि शुभमन गिल को टी20 में खराब फॉर्म के कारण बाहर कर दिया.

फिटनेस और उपलब्धता की वजह से ईशान किशन साल भर टीम से बाहर रहे, लेकिन हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार शतक लगाकर झारखंड को जीत दिलाई. गावस्कर ने कहा, जब कोई खिलाड़ी अच्छा खेलता है तो उसे टीम में चुनना चाहिए. ईशान किशन पहले भी टीम में रहे हैं और उन्होंने साबित किया है कि वह कर सकते हैं. उनकी मौजूदा फॉर्म दिखाती है कि चयन का आधार घरेलू क्रिकेट होना चाहिए, सिर्फ आईपीएल नहीं.

गावस्कर ने कहा, मैं ईशान के लिए बहुत खुश हूं. वह कुछ समय टीम से बाहर रहे, लेकिन झारखंड को ट्रॉफी दिलाकर शानदार वापसी की. गावस्कर ने गिल को बाहर किए जाने को चौंकाने वाला बताया, लेकिन कहा कि शायद फॉर्म और लय की कमी उनके खिलाफ गई. उन्होंने कहा, यह हैरान करने वाला फैसला है. वह बेहतरीन बल्लेबाज हैं, जिनका 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद अच्छा प्रदर्शन रहा. हां, उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ कुछ मैचों में दिक्कत हुई, लेकिन क्लास हमेशा रहती है, फॉर्म आती-जाती है. उन्होंने कहा, वह लंबे ब्रेक के बाद लौटे थे और लय में नहीं थे. टी20 में शुरुआत से ही तेज खेलना होता है, अगर लय न हो तो मुश्किल हो जाती है.

गावस्कर ने कहा, ‘उनका नेचुरल खेल टेस्ट क्रिकेट के लिए ज्यादा सही है. वह टी20 में तेज रन बनाने के लिए संघर्ष करते हैं, लेकिन वह बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं. हमने यह आईपीएल में भी देखा है, इसलिए टी20 उनके लिए नया नहीं है. शायद फॉर्म में न होना उनके खिलाफ गया. गावस्कर को जितेश शर्मा के लिए भी दुख हुआ. उन्होंने कहा, जितेश ने कुछ भी गलत नहीं किया. उन्हें जितने मौके मिले, वह अच्छे विकेटकीपर साबित हुए. एमएस धोनी के बाद शायद वह विकेट के पीछे से डीआरएस कॉल में कप्तान की सबसे ज्यादा मदद करने वाले खिलाड़ियों में से थे. उनके लिए यह मुश्किल है, लेकिन वह युवा हैं. उन्हें घरेलू क्रिकेट में जाकर अच्छा प्रदर्शन करना होगा.

हरभजन सिंह ने चयन समिति के फैसले की तारीफ की. उन्होंने कहा, मैं मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और टीम को 10 में से 10 नंबर देता हूं. शुभमन गिल को बाहर करना मुश्किल फैसला रहा होगा. उन्होंने कहा, टीम का सही संतुलन जरूरी था. मुझे खुशी है कि रिंकू सिंह टीम में हैं और ईशान किशन की भी वापसी हुई है. वह अच्छी फॉर्म में हैं. जितेश शर्मा को इसलिए नहीं लिया गया क्योंकि टीम में नंबर सात या आठ के लिए पहले से ही काफी बल्लेबाज हैं. हरभजन ने कहा, गिल के बाहर होने से टॉप ऑर्डर में एक पावर हिटर की जरूरत थी जो विकेटकीपिंग भी कर सके, इसलिए ये बदलाव सही हैं.

अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाना भी अच्छा फैसला है. कुल मिलाकर चयनकर्ताओं ने अच्छा काम किया है. मुझे उम्मीद है टीम अच्छा खेलेगी और कप जीतेगी. हरभजन ने कहा कि गिल को इस फैसले को पॉजिटिव तरीके से लेना चाहिए. उन्होंने कहा, गिल के बाहर होने से वह छोटे खिलाड़ी नहीं बन जाते. हम सब जानते हैं वह कितने अच्छे हैं. वह हर फॉर्मेट के लिए पूरी तरह तैयार खिलाड़ी हैं. जब वह खेलते हैं तो दूसरों से बेहतर कर सकते हैं. यह उनके लिए अंत नहीं है, यह एक छोटा झटका है जिससे वह सीखेंगे. वह मैच्योर कप्तान और खिलाड़ी हैं. उन्हें इसे मोटिवेशन के तौर पर लेना चाहिए. अगर मैं उनसे कुछ कह पाता तो यही कहता कि यह उनके लिए एक नई शुरुआत की नींव है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP