उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरे का कहर, 40 से अधिक शहरों में ऑरेंज अलर्ट, आने वाली है आफत
वाराणसी: उत्तर प्रदेश में ठंड का थर्ड डिग्री टॉर्चर जारी है. गिरते तापमान और कोहरे का कहर 20 दिसंबर को भी प्रदेश के अलग-अलग शहरों में देखने को मिलेगा. नोएडा से लखनऊ और वाराणसी से आगरा तक आज भी हर जगह सुबह सवेरे घने कोहरे की सफेद चादर तनी रहेगी. ये सिलसिला फिलहाल अगले 1 से 2 दिनों तक बना रहेगा. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने इसका अनुमान जताया है. उधर ठंड बढ़ने के साथ ही आम जनजीवन भी पूरी तरह प्रभावित है. क्योंकि ठंड अब हाड़ कंपाने लगी है.
शनिवार (20 दिसंबर) को वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया ,मऊ, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, शाहजहांपुर, बरेली और रामपुर में घने से घना कोहरा सुबह सवेरे के अलावा दिन के वक्त भी नजर आएगा. इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है.
इन जिलों में भी दिखेगा कोहरे का कहर
इसके अलावा आज मेरठ, मथुरा, संभल, हाथरस, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बदायूं, फरुखाबाद, बुलंदशहर, कन्नौज, कानपुर, इटावा, कौशाम्बी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली में कोहरे को लेकर आज येलो अलर्ट जारी हुआ है. यहां दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होने की संभावना है. हालांकि ठंड यहां भी लोगों को सताने वाली है.
राजधानी लखनऊ में आज घना कोहरा छाया रहेगा. मौसम विभाग ने इसको लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया. हालांकि दोपहर बाद हल्की धूप भी नजर आ सकती है. वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो आज वहां भी दिन की शुरुआत कोहरे से ही होगी. गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा ही रहने का पूर्वानुमान जताया गया है. आज इन शहरों में अधिकतम तापमान 11 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. बताते चलें कि बीते 3 दिनों में अधिकतम तापमान में 8 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखने को मिली है.
2 दिन बाद फिर आएगी कमी
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी में फिलहाल अगले 1 से 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में थोड़ा उछाल देखने को मिल सकता है, लेकिन उसके बाद फिर यहां तापमान में कमी का दौर देखा जाएगा.
बताते चलें कि बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई शहरों में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा छाया रहा. इनमें आगरा, बरेली, रामपुर, लखीमपुर खीरी, गोरखपुर, बस्ती समेत कई जिले शामिल हैं. इसके अलावा बीते 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान बुलंदशहर में 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.