Sanju Samson: अब धोनी-पंत के साथ लिया जाएगा सैमसन का नाम, मौका मिलते ही संजू का धमाका, T20I में बनाया ये कीर्तिमान
Last Updated:
Sanju Samson 1000 T20I runs: साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में संजू सैमसन को खेलने का मौका मिला. इस मौके का पूरा फायदा उठाते हुए सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल में 1000 रन पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय स्पेशलिस्ट विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए. एमएस धोनी और ऋषभ पंत पहले यह उपलब्धि नाम कर चुके हैं.
संजू सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल में पूरे किए 1000 रन.नई दिल्ली. साउथ अफ्रीका के खिलाफ आखिरी टी20 इंटरनेशनल में संजू सैमसन ने तूफानी बैटिंग से तहलका मचाया. हालांकि, वह अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए. सैमसन ने 22 गेंदों में 37 रन की पारी खेली, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल रहे. 168 के स्ट्राइक रेट वाली इस पारी के दौरान सैमसन ने एक बड़ा कीर्तिमान नाम कर लिया. दरअसल, सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 1000 रन पूरे कर लिए. वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले तीसरे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए.
धोनी-पंत के क्लब में सैमसन की एंट्री
संजू सैमसन ने अपनी पारी की तीसरी गेंद पर खाता खोला. दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने मैच का पहला छक्का जड़ा. इस छक्के के साथ ही सैमसन ने अपने 1000 T20I रन पूरे कर लिए. इस मैच से पहले उन्हें इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए 5 रनों की जरूरत थी. इसके साथ ही संजू सैमसन, एमएस धोनी और ऋषभ पंत के बाद 1000 रन बनाने वाले भारत के तीसरे स्पेशलिस्ट विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं.
संजू सैमसन ने टी20 इंटरनेशनल में पूरे किए 1000 रन.
सबसे ऊपर कौन?
सैमसन अब भारत के उन 14 खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने T20I में 1000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं. भारतीय टीम के लिए T20I में 1000 रन पूरे करने के अलावा सैमसन ने T20 क्रिकेट में 8000 रन भी पूरे किए. वह विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन, सूर्यकुमार यादव, सुरेश रैना और केएल राहुल के बाद खेल के 20 ओवर फॉर्मेट में कम से कम 8000 रन बनाने वाले सातवें भारतीय हैं.
शुभमन गिल की जगह मिला मौका
संजू सैमसन को उपकप्तान शुभमन गिल की जगह प्लेइंग-11 में मौका मिला, जो चोट के चलते बाहर हैं. सीरीज के चौथे मैच से पहले भारतीय उपकप्तान के पैर में चोट लग गई थी और वह लखनऊ में होने वाला मैच से भी बाहर थे, जो धुंध के कारण रद्द हो गया. BCCI ने एक बयान में उन्हें लेकर अपडेट दिया, ‘शुभमन गिल को 16 दिसंबर को लखनऊ में नेट प्रैक्टिस के दौरान बल्लेबाजी करते समय दाहिने पैर में चोट लग गई थी. एक स्पेशलिस्ट से सलाह लेने और BCCI मेडिकल टीम से इलाज करवाने के बाद उनकी हालत में सुधार हो रहा है, लेकिन वह अहमदाबाद में होने वाले आखिरी T20I मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे.’
भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा रन
विराट कोहली – 13543 रन
रोहित शर्मा – 12248 रन
शिखर धवन – 9797 रन
सूर्यकुमार यादव – 8970 रन
सुरेश रैना – 8654 रन
केएल राहुल – 8125 रन
संजू सैमसन – 8004* रन
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें