IND vs PAK U19 Asia Cup Final: भारत और पाकिस्तान के बीच होगा अंडर-19 एशिया कप का फाइनल, ब्लॉकबस्टर मैच की नोट कर लें डेट
Last Updated:
IND vs PAK U19 Asia Cup Final 2025 Date: अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला चिर प्रतिद्वंदी भारत और पकिस्तान की टीमों के बीच 21 दिसंबर को खेला जाएगा. भारत ने श्रीलंका को पहले सेमीफाइनल में शिकस्त देकर फाइनल में एंट्री मारी. वहीं, पाकिस्तान ने बांग्लादेश को दूसरे सेमीफाइनल में हराकर खिताबी जंग के लिए क्वालीफाई किया.
भारत-पाकिस्तान के बीच होगा अंडर-19 एशिया कप का फाइनल.नई दिल्ली. अंडर-19 एशिया की दोनों फाइनलिस्ट टीमें सामने आ चुकी हैं. भारत और पाकिस्तान के बीच यह ब्लॉकबस्टर खिताबी मुकाबला होने वाला है. भारत ने श्रीलंका को सेमीफाइनल में रौंदा, जबकि दूसरी ओर पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फाइनल का टिकट कटाया. भारत की सेमीफाइनल जीत में गेंदबाजों के बाद आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा चमके, जिन्होंने अर्धशतक ठोके. बारिश से प्रभावित मैच 20-20 ओवर का हुआ. भारत को 139 रन का लक्ष्य मिला था, जिससे टीम ने 8 विकेट और दो ओवर रहते हासिल कर लिया.
विहान-आरोन ने ठोकी फिफ्टी
रन चेज करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं हुई. टीम के दो विकेट 25 रन पर गिर चुके थे. पहले कप्तान आयुष म्हात्रे (7) सस्ते में लौटे, फिर वैभव सूर्यवंशी का बल्ला भी दो चौके लगाकर शांत हो गया. वैभव ने 9 रन बनाए. इसके बाद आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने टीम को फाइनल में पहुंचाया. इन दोनों बल्लेबाजों ने दमदार बैटिंग की और तीसरे विकेट के लिए 114 रन की बड़ी साझेदारी करते हुए फिफ्टी ठोकीं. आरोन के बल्ले से नाबाद 58 आए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल था. वहीं, विहान ने 61 रन की नाबाद पारी खेली. विहान ने चार चौके और दो छक्के लगाए. इनके दम पर भारत ने सिर्फ दो विकेट के नुकसान पर 139 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली.
आरोन जॉर्ज-विहान मल्होत्रा ने भारत को जिताया.
गेंदबाजों ने बरपाया कहर
बैटिंग से पहले भारतीय गेंदबाज श्रीलंका पर कहर बनकर टूटे. किशन सिंह ने भारत को पहले ब्रेक थ्रू पारी के तीसरे ही ओवर में दिलाया. इसके बाद एक-एक करके विकेट गिरने का सिलसिला शुरू हो गया. श्रीलंका एक समय ऑलआउट होने की कगार पर थी, जब स्कोर 84/6 था. हालांकि, चमिका हेनातिगाला (42), कप्तान विमथ दिनसारा (32) और सेथमिका सेनेविरत्ने (30) के योगदान से उसका स्कोर 130 के पार पहुंचा. भारत के लिए हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान ने सबसे ज्यादा दो-दो विकेट चटकाए, जबकि किशन सिंह, दीपेश देवेन्द्रन और खिलन पटेल को एक-एक विकेट लिया.
पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराया
एक तरफ भारत फाइनल में पहुंचा तो दूसरी ओर बांग्लादेश को लो-स्कोरिंग मुकाबले में मात देकर फाइनल में जगह बनाई. अब्दुल सुभान (4 विकेट) की कातिलाना गेंदबाजी से बांग्लादेश टीम 121 रन ढेर हो गई. टारगेट का पीछा पाकिस्तान ने 17वें ओवर में ही कर लिया. ओपनर समीर मिन्हास ने 69 रन की नाबाद पारी खेली. उस्मान खान ने 27 रन बनाए. अहमद हुसैन 11 रन पर नॉटआउट रहे.
कब होगी भारत और पाकिस्तान की टक्कर?
भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी जंग 21 दिसंबर यानि रविवार को होने वाली है. दुबई के ICC अकेडमी ग्राउंड में यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा. भारत आठवीं बार इस टूर्नामेंट का फाइनल खेलने उतरेगा, जबकि पाकिस्तान चौथी बार फाइनल में पहुंचा है.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें