IMD Weather Today | Delhi Weather Lockdown | Severe Cold Wave Alert | Delhi NCR AQI Live | Delhi Traffic Alert | आज का मौसम: बारिश, बर्फबारी और कोहरा, देश के कई हिस्‍सों में मौसम का कहर, दिल्‍ली-NCR में थमी जिंदगी की रफ्तार | imd weather today Western Disturbances rain dense fog snowfall delhi ncr aqi live cold wave train flight bus traffic alert

Share to your loved once


IMD Weather Today: भारत के कई हिस्‍से इन दिनों भीषण ठंड की चपेट में हैं. पर्वतीय राज्‍यों के साथ ही उत्‍तर और पूर्वी भारत के मैदानी हिस्‍सों में भी सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. हालात को देखते हुए मौसम विभाग (IMD) ने बिहार, पंजाब और उत्‍तराखंड में घना से बेहद घना कोहरा पड़ने का अलर्ट जारी किया है. दिल्‍ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम के साथ ही देश की राजधानी के आसपास के इलाकों में शुक्रवार 19 दिसंबर 2025 को मौसम विभाग के इस अलर्ट का असर भी देखने को मिला. दिल्‍ली के कई इलाकों में अहले सुबह दृश्‍यता यानी विजिबिलिटी शून्‍य तक पहुंच गया. घने कोहर की वजह से ट्रेनें समय से घंटों की देरी से चल रही हैं. हवाई जहाज के ऑपरेशन पर भी बुरा असर पड़ा है और कई फ्लाइट्स को रीशेड्यूल करना पड़ा है. वहीं, रोड ट्रैफिक भी चरमरा गया है. वाहनों की रफ्तार थम सी गई है. IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, फिलहाल कम से कम दो सप्‍ताह तक मौसम के तल्‍ख तेवर का सामना करना पड़ सकता है. हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के सक्रिय होने से आने वाले कुछ दिनों तक मौसम की हालत और खराब होने की आशंका जताई गई है. दूसरी तरफ, दिल्‍लीवालों को मौसम की दोहरी मार का सामना करना पड़ रहा है. एक तरफ घने कोहरे ने सामान्‍य जनजीवन पर ब्रेक लगा दिया है तो दूसरी तरफ एयर पॉल्‍यूशन ने सांसों पर पहरा लगा दिया है. शुक्रवार सुबह दिल्‍ली के कई इलाकों में AQI 400 को क्रॉस कर गया. आनंद विहार इलाके में तो एक्‍यूआई 446 रिकॉर्ड किया गया, जो हेल्‍थ के लिहाज से सिवियर कैटेगरी में आता है.

उत्तर भारत में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभों की सक्रियता के चलते पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरा, शीतलहर और कोल्‍ड डे की स्थिति बन सकती है. 24 दिसंबर और इसके बाद 25 से 31 दिसंबर तक दो चरणों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने बताया कि जम्मू क्षेत्र में निचले क्षोभमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के रूप में मौजूद है. इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम ईरान में मध्य क्षोभमंडल में एक और पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है. उत्तर भारत में वेस्‍टर्न जेट स्ट्रीम भी काफी सक्रिय है, जिसकी वजह से हवा की रफ्तार बढ़ गई है. मौसम विज्ञानियों का कहना है कि इन सभी मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से उत्तर भारत के मौसम में बदलाव आ रहा है.

दिल्‍ली में AQI की हालत बेहद गंभीर हालत में है.

पहला सप्‍ताह: बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान

IMD ने 24 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ्फराबाद में मौसम बिगड़ने की आशंका जताई है. 20 और 21 दिसंबर को इन इलाकों में कई स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि 21 दिसंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश या बर्फबारी भी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 20 से 22 दिसंबर और उत्तराखंड में 20 और 21 दिसंबर को हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं. वहीं, 20 से 22 दिसंबर के दौरान पंजाब में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.

दूसरा सप्‍ताह: पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में ज्यादा असर

इसके अलावा 25 से 31 दिसंबर के दौरान भी पश्चिमी विक्षोभों का असर बना रहेगा. इस दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार देश के अधिकांश हिस्सों में कुल वर्षा सामान्य से कम रह सकती है, लेकिन पश्चिमी हिमालयी इलाकों में यह सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक हो सकती है.

नई दिल्ली में गुरुवार 18 दिसंबर 2025 की सर्द सुबह अक्षरधाम मंदिर के पास एनएच-24 पर घने कोहरे के बीच वाहन रेंगते नजर आए. दिल्ली-एनसीआर के बड़े हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और पूरे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ. (फोटो: पीटीआई)

कोहरा और शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने कोहरा और ठंड को लेकर भी चेतावनी जारी की है. 19 और 20 दिसंबर को उत्तर प्रदेश में शीत दिवस से लेकर गंभीर शीत दिवस की स्थिति बन सकती है, जबकि उत्तराखंड में भी ठंडे दिन की संभावना है. 19 से 21 दिसंबर के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में घना से बहुत घना कोहरा छा सकता है. वहीं 19 से 25 दिसंबर के दौरान उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा रहने की आशंका है. बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?

दूसरे सप्‍ताह के दौरान उत्तर-पूर्व भारत और पश्चिमी हिमालय को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री कम रह सकता है. हालांकि किसी बड़े शीतलहर की संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन उत्तर भारत में सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है. मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहें और आवश्यक सावधानियां बरतें.

जान लें तापमान का हाल

पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और केरल समेत कई राज्यों में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस इंदौर में दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद 2 से 3 डिग्री की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है. हरियाणा और पंजाब में अधिकतम तापमान कुछ दिनों तक स्थिर रहने के बाद गिर सकता है. उत्तराखंड में भी अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट के आसार हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP