कम कांटे, ज्यादा स्वाद! सर्दियों में काली पोम्फ्रेट मछली क्यों है सबकी फेवरेट, दिल-दिमाग के लिए बेस्ट
Last Updated:
सर्दियों में काली पोम्फ्रेट मछली स्वाद और सेहत का परफेक्ट कॉम्बिनेशन मानी जाती है. कम कांटे, रसीला मांस और बिना तेज गंध के यह बच्चों से लेकर बुज़ुर्गों तक सभी की पसंद बन जाती है. ओमेगा-3, प्रोटीन और जरूरी मिनरल्स से भरपूर यह मछली दिल, दिमाग और हड्डियों को मजबूत रखने में मदद करती है. खासतौर पर गरम मसाला करी में इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है, जो ठंड के मौसम में शरीर को ऊर्जा और गर्माहट देता है.

पोम्फ्रेट मछली सर्दियों में खास पसंद की जाती है. इसका गहरा काला रंग और मोटा, रसीला मांस इसे स्वादिष्ट बनाता है. कम कांटे होने की वजह से बच्चे और बुजुर्ग भी आसानी से इसका आनंद ले सकते हैं. इसके अलावा इसमें तेज मछली जैसी गंध नहीं होती, इसलिए इसे फ्राई, करी या ग्रिल किसी भी रूप में चख सकते हैं.

सर्दियों में पोम्फ्रेट काला मछली सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होती है. यह प्रोटीन से भरपूर होती है, जो मसल्स को मजबूत बनाता है. इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड दिल और दिमाग को स्वस्थ रखते हैं. साथ ही, कैल्शियम और फॉस्फोरस हड्डियों को मजबूत बनाते हैं. नियमित सेवन से इम्यूनिटी बढ़ती है और शरीर सर्दियों में भी फिट रहता है.

पोम्फ्रेट काला मसाला करी का स्वाद सर्दियों में और भी बढ़ जाता है. मसालों की खुशबू और मछली का रसीला मांस खाने में लाजवाब अनुभव देता है. यह करी हल्की या तीखी, दोनों तरह से बनाई जा सकती है. गरम-गरम चावल या रोटी के साथ इसका संगम खाने को और भी स्वादिष्ट बना देता है. सर्दियों में यह शरीर को गर्म और ऊर्जा से भरपूर रखती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

पोम्फ्रेट काला मसाला करी बनाने के लिए आपको दो पीस पोम्फ्रेट काला, आधा चम्मच हल्दी, स्वादानुसार नमक और आवश्यकता अनुसार सरसों तेल चाहिए. इसके अलावा दो पेस्ट की हुई प्याज़, दो पेस्ट किए टमाटर, एक टेबलस्पून अदरक-लहसुन पेस्ट, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला, दो हरी मिर्च और ऊपर सजाने के लिए हरा धनिया इस्तेमाल किया जाता है.

मछली को अच्छे से धोकर हल्दी और नमक लगाएं और लगभग दस मिनट के लिए अलग रख दें. इसके बाद कढ़ाही में सरसों का तेल गर्म करके मछली को हल्का फ्राई कर लें. ध्यान रहे कि मछली को ज्यादा तेल में न पकाएं, सिर्फ हल्की फ्राई करके अलग रखें. इस तरीके से मछली सर्दियों में भी मुलायम और रसीली बनी रहती है.

बचे हुए तेल में प्याज़ का पेस्ट डालकर सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट, टमाटर और सभी मसाले डालकर तब तक पकाएं, जब तक मसाला तेल छोड़ने लगे. फिर थोड़ा पानी डालकर उबाल आने तक पकाएं. अब इसमें हल्की फ्राई की हुई मछली डालें और ढककर पांच मिनट धीमी आंच पर पकाएं.

करी तैयार होने के बाद ऊपर से गरम मसाला और हरा धनिया डालकर सजाएं. यह पोम्फ्रेट काली मछली की करी सर्दियों में स्वाद और गर्माहट दोनों बढ़ाती है. इसे गरम-गरम सादा चावल या रोटी के साथ परोसें. हर बाइट में मसालों का स्वाद और मछली की रसीलापन आपको यादगार अनुभव देगा.