अनमोल बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग के 5 शूटर गिरफ्तार, 3 हत्याकांड के खुले राज़, 3 राज्यों की पुलिस को थी तलाश
चंडीगढ़ में इंद्रजीत पैरी हत्याकांड की जांच के दौरान काउंटर इंटेलिजेंस को बड़ी सफलता मिली है. जांच में सामने आए सुरागों के आधार पर कुल पांच शूटरों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन गिरफ्तारियों से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में सक्रिय गैंगस्टर नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है.
एक मर्डर से खुले तीन वारदात के राज
जानकारी के अनुसार, 1 दिसंबर को पैरी की हत्या के मामले में हैरी बॉक्सर गैंग से जुड़े कुछ शूटरों को पकड़ा गया था. पूछताछ के दौरान इन आरोपियों ने जून महीने में सोनू नोल्टा की हत्या में भी अपनी भूमिका कबूल की. इस हत्याकांड में पीयूष नाम का शूटर अपने साथियों के साथ शामिल था. इसके अलावा, तीसरी बड़ी वारदात आशु महाजन की हत्या से जुड़ी है, जिसमें संतोख उर्फ कपिल के गुर्गों की संलिप्तता सामने आई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं.
पुलिस को क्या पता चला?
जांच एजेंसियों का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से हैरी बॉक्सर और आरजू-अनमोल बिश्नोई गैंग के कई नेटवर्क और लिंक उजागर हुए हैं. पहले चरण में तीन शूटरों को गिरफ्तार किया गया था, जिनसे पूछताछ के बाद पीयूष और अंकुश की गिरफ्तारी की गई.
किस फिराक में था यह गैंग?
जांच में यह भी सामने आया है कि इन गैंग्स का मुख्य मकसद एक्सटॉर्शन और अवैध वसूली है. कबड्डी खिलाड़ी और कबड्डी लीग के मालिक खास तौर पर इनके निशाने पर थे. फिरौती के दबाव के लिए कबड्डी खिलाड़ियों की हत्याएं तक की गईं. पुलिस का कहना है कि ये गैंग्स केवल उगाही के लिए काम कर रहे थे और दिल्ली के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी सक्रिय थे.