यूपी की गलियों से आईपीएल तक कैसे पहुंचे ये 5 खिलाड़ी? मिनी नीलामी ने खोली किस्मत, चेक करें लिस्ट – Uttar Pradesh News
Last Updated:
IPL 2026: क्या आपने कभी सोचा है कि यूपी की गलियों और छोटे मैदानों से निकलकर खिलाड़ी आईपीएल की करोड़ों की नीलामी तक कैसे पहुंचते हैं? मेहनत, लगातार प्रदर्शन और सही मंच मिलने पर सपने हकीकत में बदल जाते हैं. आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने कुछ ऐसा कर दिखाया, जिसने न सिर्फ फ्रेंचाइज़ियों का भरोसा जीता, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान भी उनकी ओर खींच लिया. आइए जानते है इनके बारे में..

आईपीएल 2026 की नीलामी में उत्तर प्रदेश के क्रिकेटरों ने दमदार मौजूदगी दर्ज कराई है. अबू धाबी में हुई इस नीलामी में यूपी के 13 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिनमें से पांच खिलाड़ियों को अलग-अलग फ्रेंचाइज़ियों ने खरीदा. यह सफलता प्रदेश में मजबूत होते घरेलू क्रिकेट ढांचे और युवा खिलाड़ियों के लगातार बेहतर प्रदर्शन को दर्शाती है.

1. प्रशांत वीर (अमेठी) : अमेठी से आने वाले युवा ऑलराउंडर प्रशांत वीर नीलामी के सबसे बड़े आकर्षण साबित हुए. उन्होंने अनकैप्ड खिलाड़ियों की श्रेणी में अब तक की सबसे ऊंची बोली हासिल कर इतिहास रच दिया. बल्ले और गेंद दोनों से असरदार प्रदर्शन करने वाले प्रशांत ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा से फ्रेंचाइज़ियों का भरोसा जीता और नीलामी के चर्चित चेहरों में शामिल हो गए.

2. नमन तिवारी (लखनऊ): लखनऊ सुपर जायंट्स ने तेज गेंदबाज नमन तिवारी पर भरोसा जताते हुए उन्हें 1 करोड़ रुपये में टीम का हिस्सा बनाया. नमन ने यूपी टी20 लीग में शानदार गेंदबाजी करते हुए 19 विकेट चटकाए और विकेट लेने वालों की सूची में शीर्ष खिलाड़ियों में जगह बनाई. घरेलू क्रिकेट में उनका निरंतर प्रदर्शन ही उन्हें आईपीएल तक ले गया. इसके साथ ही नमन लखनऊ के चौथे ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने आईपीएल में कदम रखा है. उनसे पहले अक्षदीप नाथ, विप्रज निगम और जीशान अंसारी भी इसी फ्रेंचाइज़ी के लिए खेल चुके हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

3. शिवम मावी: तेज रफ्तार गेंदबाज शिवम मावी को सनराइजर्स हैदराबाद ने 95 लाख रुपये में अपने साथ जोड़ा. चोट के कारण उनका पिछला आईपीएल सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन यूपी टी20 लीग में सबसे ज्यादा विकेट लेकर मावी ने जोरदार वापसी का संकेत दिया और फ्रेंचाइज़ी का भरोसा फिर हासिल किया.

4. कार्तिक त्यागी: युवा पेसर कार्तिक त्यागी ने यूपी टी20 लीग 2025 में 17 विकेट झटककर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा. उनके इसी प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें लगभग 30 लाख रुपये में खरीदा. यह साफ संकेत है कि यूपी में तेज गेंदबाजों की नई पीढ़ी तेजी से उभर रही है.

5. विशाल निषाद: विशाल निषाद को पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में शामिल किया है. घरेलू क्रिकेट में संतुलित और भरोसेमंद प्रदर्शन करने वाले निषाद को अब आईपीएल जैसे बड़े मंच पर खुद को साबित करने का मौका मिलेगा.

इन पांच खिलाड़ियों की सफलता यह बताती है कि उत्तर प्रदेश अब आईपीएल के लिए एक मजबूत टैलेंट पूल बनता जा रहा है. घरेलू टूर्नामेंट और यूपी टी20 लीग जैसे प्लेटफॉर्म युवा खिलाड़ियों को पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में और भी यूपी के खिलाड़ी आईपीएल में चमक सकते हैं.