शाम 4 बजे खुलते ही लग जाता है जमावड़ा, बालोद का ये मिक्चर बन चुका है स्वाद का अड्डा – Chhattisgarh News
Food Story: छत्तीसगढ़ स्थित बालोद शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल दल्ली चौक पर इन दिनों एक खास मिक्स मिक्चर लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है. शाम ढलते ही यहां मिक्चर प्रेमियों की भीड़ जुटने लगती है और वजह है मोहन लाल साहू की मिक्स मिक्चर की छोटी-सी दुकान, जिसने अपने खास स्वाद से अलग पहचान बना ली है. मोहन लाल साहू मुस्कुराते हुए कहते हैं सब नमक का खेल है ! और यही उनका स्वाद का सीक्रेट भी है.
मिक्चर के कई विकल्प मौजूद
मोहन लाल साहू बताते हैं कि बाजार में मिक्चर के कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन उनका मिक्चर एक बार खाने के बाद बार-बार खाने का मन करता है. इसकी वजह है खास नमक और अच्छी क्वालिटी की सामग्री उनके मिक्चर में चना दाल के बेसन से बने आइटम शामिल होते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी खास हो जाता है. मिक्चर में बारीक सेव, चिवड़ा, रतलामी सेव, गठिया, मक्का, मूंगफली, चना दाल और मसूर को संतुलित मात्रा में मिक्स किया जाता है. ऊपर से प्याज और तली हुई हरी मिर्च इसे चखना आइटम के रूप में और भी लाजवाब बना देती है.
मोहन लाल साहू पिछले तीन सालों से यह व्यवसाय कर रहे हैं. उनकी दुकान रोजाना शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक लगती है. जैसे ही शाम होती है, दल्ली चौक पर मिक्चर पसंद करने वालों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है. मिक्चर की कीमत 240 रुपए प्रति किलो है, वहीं 10 रुपए में करीब 35 ग्राम मिक्चर लेकर लोग इसका स्वाद चख सकते हैं. यही वजह है कि बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी यहां रुककर मिक्चर लेना पसंद करते हैं.
मोहन लाल साहू की संघर्ष भरी कहानी
इस व्यवसाय के पीछे मोहन लाल साहू की संघर्ष भरी कहानी भी जुड़ी है. वे बताते हैं कि मिक्चर का काम शुरू करने से पहले वे मजदूरी करते थे, जहां उन्हें रोजाना 100 से 150 रुपए ही मिल पाते थे. इसी दौरान एक हादसे में उनका पैर टूट गया. इलाज और ठीक होने के बाद उनकी पत्नी लुकेश्वरी साहू ने उन्हें मजदूरी छोड़कर कोई दूसरा काम करने की सलाह दी. इसके बाद पति-पत्नी ने मिलकर मिक्चर के व्यवसाय की शुरुआत की.
लुकेश्वरी साहू बताती हैं कि उनकी चार बेटियां हैं और उनके पालन-पोषण के लिए यह काम उनके लिए बहुत जरूरी है. उन्होंने लोकल 18 को बताया कि पहले इसी इलाके में कोई और मिक्चर का काम करता था, लेकिन उसके निधन के बाद उन्होंने इस व्यवसाय को आगे बढ़ाने का फैसला किया. आज इस मेहनत का नतीजा यह है कि रोजाना करीब 3000 रुपए तक का नमकीन मिक्चर बिक जाता है.